स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 16 अक्टूबर 2026। खुदागंज थाना पुलिस ने दो साधुओं की हत्या के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु पुत्र अनंगपाल, उम्र करीब 58 वर्ष, निवासी ग्राम सूथा, थाना खुदागंज, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से नामजद अभियुक्त सुमित का पिता है।
दो साधुओं की हत्या के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को शिव कुमार पुत्र अनंगपाल निवासी ग्राम सूथा ने तहरीर देकर सुमित पुत्र विष्णु निवासी ग्राम सूथा पर बाबा गोपाल दास चेला रामानंद गिरी पुत्र नत्थूलाल निवासी अजीजगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर और बाबा बिहारीदास पुत्र बृजपाल निवासी ग्राम सूथा की हत्या कर शवों को जला देने का आरोप लगाया था।
तहरीर के आधार पर थाना खुदागंज में मुकदमा संख्या 243/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी सुमित को 2 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान सामने आया विष्णु का नाम
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर विष्णु का नाम सामने आया और मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस का आरोप है कि विष्णु अपने बेटे सुमित की बार-बार जमानत करवाता था और उसे कानूनी कार्रवाई से बचाने का प्रयास करता था।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विष्णु को 16 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे भुण्डी पुल से बीसलपुर की ओर लगभग 70 कदम की दूरी पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, विष्णु के विरुद्ध वर्ष 1993 से 2026 तक विभिन्न मुकदमे दर्ज रहे हैं। इनमें मारपीट, चोट पहुंचाने, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आगजनी से संबंधित धाराएं, जानलेवा हमले और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्तमान मामला मुकदमा संख्या 243/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत थाना खुदागंज में दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र, उपनिरीक्षक सुमित सिंह, कांस्टेबल गौरव शर्मा, कांस्टेबल राजीव कुमार और कांस्टेबल आलोक कुमार शामिल रहे।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
