अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश, साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर दिया जोर
ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अस्पतालों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुलसीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान सात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
सात अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारियों में श्रीमती सुदेश (एचबी), श्रीमती सुनीता देवी (एएनएम), पवन कुमार (एसटीएलएस), मनोज कुमार (एसटीएस), अमरेंद्र सिंह (बीसीपीएम), प्रीतम गुप्ता (एमसीटीएस ऑपरेटर) और लाल बाबू मौर्य (ब्लॉक अकाउंट मैनेजर) शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों की अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में समय पर उपस्थिति दर्ज कराना और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सीएमओ ने अस्पताल भवन और परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचसी तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार से कहा कि सभी वार्डों, मरीजों के प्रतीक्षालय, अस्पताल परिसर और अन्य आवश्यक स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
पैथोलॉजी, इमरजेंसी और लेबर रूम का किया निरीक्षण
डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष (लेबर रूम), दवा वितरण कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मरीजों को समय पर उपचार, जरूरी जांच और दवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
