मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में निकली गौरा-गौरैया की बारात, उठे चंडोल


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। जनपद की चर्चित मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में सदियों पुरानी लोक परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ निभाई जा रही है। रविवार शाम 8 बजे गांव में गौरा-गौरैया की बारात और चंडोल की शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-मंजीरों और जयकारों के बीच पूरा गांव लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

दादा के समय से चली आ रही परंपरा को संजो रहे ग्रामीण

ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने बताया कि यह परंपरा उनके दादा स्वर्गीय लाला जमुना प्रसाद गुप्त के समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा, “हमारे दादा जी के जमाने से ही गांव में संस्कृति और परंपराओं को सबसे ऊपर रखा गया है। हमारी कोशिश है कि मॉडल ग्राम पंचायत होने के साथ-साथ हम अपनी इस सांस्कृतिक धरोहर को भी हमेशा कायम रखें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इससे जुड़ी रहें।”

कुआं पूजन के बाद मंदिर पहुंचती है गौरा-गौरैया की बारात

गांव के श्रीकांत दीक्षित, यशपाल सिंह और रामपाल ने इस अनोखी परंपरा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले गांव के सैकड़ों वर्ष पुराने कुएं पर कुआंवरा यानी कुआं पूजन की रस्म निभाई जाती है। इसके बाद गौरा-गौरैया की बारात पारंपरिक तरीके से सजाकर श्री जेपी मंदिर ले जाई जाती है।

मंदिर में आचार्य द्वारा विधि-विधान के साथ गौरा-गौरैया का विवाह संपन्न कराया जाता है। विवाह के बाद सभी ग्रामवासियों को प्रसाद वितरित किया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण अपनी पुरानी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

गौरा-गौरैया की बारात और चंडोल की शोभायात्रा में गांव के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस अवसर पर मुनीश सिंह एडवोकेट, अनुज मिश्रा, बेटा राम, महेंद्र मिश्रा, शब्बू अली, सूरज गुप्ता, शिव शंकर गुप्ता, मदन गुप्ता, सत्यपाल, गयादीन, शिबोम दीक्षित, सुधीर, मनीष गुप्ता, सार्थक, अनिरुद्ध, उत्कर्ष, ओम, देव, लड्डू और सतीश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।

भटपुरा रसूलपुर में आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम ने गांव की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं के प्रति ग्रामीणों की आस्था को एक बार फिर प्रदर्शित किया।

Previous Post Next Post