स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 3 अक्टूबर 2026। मानसून पूर्व तैनाती के अंतर्गत हनुमतधाम आश्रय भवन, शाहजहांपुर में तैनात 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा जनजागरूकता और सामुदायिक क्षमता निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में आपदा प्रबंधन तथा प्राथमिक उपचार संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को Seth M.R. Jaipuria School, नंगला हाजी, शाहजहांपुर में NDRF टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार विषय पर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ASI धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.डी. अग्रवाल की उपस्थिति रही।
विद्यार्थियों और स्टाफ को सिखाई जीवनरक्षक तकनीक
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस दौरान रक्तस्राव नियंत्रण, स्प्लिंटिंग, कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR), श्वासनली अवरोध की स्थिति में प्राथमिक सहायता (FBAO), आपातकालीन निकासी (Evacuation) तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
NDRF टीम ने विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रभावित व्यक्तियों की प्राथमिक सहायता करने के आवश्यक कौशल की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा NDRF टीम द्वारा आयोजित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया।
NDRF द्वारा इस प्रकार के जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
