दुकान की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर नकबजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.28 लाख रुपये नकद बरामद

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। तुलसीपुर कस्बे में दुकान की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर नकदी चोरी करने के मामले में तुलसीपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 1 लाख 28 हजार 650 रुपये नकद, लकड़ी का गल्ला बॉक्स और एक काला बैग बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, तुलसीपुर कस्बे के स्टेशन रोड निवासी सुनील कुमार पुत्र फतेह बहादुर ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि में अंकुश जायसवाल उर्फ बाबू पुत्र नंदलाल जायसवाल ने दुकान की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर शटर का ताला खोल लिया और दुकान में रखे लकड़ी के गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी कर लिए।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना तुलसीपुर में मु0अ0सं0 139/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन प्लेटफार्म से हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने आरोपी अंकुश जायसवाल उर्फ बाबू (22 वर्ष) को तुलसीपुर रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन प्लेटफार्म नंबर तीन से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के 1,28,650 रुपये नकद, लकड़ी का एक गल्ला बॉक्स और एक काला बैग बरामद हुआ।

लखनऊ भागने की फिराक में था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पकड़े जाने के डर से वह रेलवे स्टेशन के एकांत और अंधेरे स्थान पर छिपकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। उसकी योजना रात करीब ढाई बजे आने वाली मैलानी ट्रेन से लखनऊ पहुंचने और वहां से किसी अन्य स्थान पर चले जाने की थी।

पुलिस ने बरामदगी और संकलित साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Previous Post Next Post