दीपावली पर बलरामपुर पुलिस ने लौटाई 156 लोगों के चेहरों पर मुस्कान, 40 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। दीपावली के पावन पर्व पर बलरामपुर पुलिस ने 156 लोगों को उनके गुमशुदा मोबाइल फोन वापस कर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस की साइबर सेल और सीईआईआर (CEIR) टीम ने तकनीकी दक्षता और प्रभावी कार्ययोजना के जरिए करीब 35 से 40 लाख रुपये कीमत के 156 स्मार्टफोन बरामद किए। इनमें एक आईफोन-16 और दो सैमसंग एस-25 अल्ट्रा जैसे प्रीमियम स्मार्टफोन भी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी यातायात एवं साइबर पर्यवेक्षण अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में जनपदीय साइबर सेल और थानों की साइबर सेल/सीईआईआर टीम ने कार्रवाई करते हुए भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को बरामद किया।


शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बरामद सभी 156 स्मार्टफोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल फोन मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

इस अवसर पर मोबाइल स्वामियों ने बलरामपुर पुलिस, साइबर सेल और सीईआईआर टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली की प्रशंसा की।

पुलिस की इस पहल से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलना लोगों के लिए किसी उपहार से कम नहीं रहा।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने आमजन को भरोसा दिलाया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रत्येक पीड़ित की सहायता और उसकी गुमशुदा संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post