18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिलाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं: डीएम

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र तुलसीपुर के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला मुजेहनी, मजरा बालापुर स्थित बूथ संख्या 396, 397 एवं 398 का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र महिलाओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नवीन मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-06 भरवाने तथा मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जाने की प्रगति की जानकारी ली।


उन्होंने निर्देशित किया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची से गहनता से मिलान किया जाए। इस प्रक्रिया में ऐसे पात्र व्यक्तियों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में किसी कारणवश शामिल नहीं हो सका है। ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कराकर उनसे फॉर्म-06 भरवाया जाए और नियमानुसार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

युवा एवं महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र महिलाओं के पंजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करें और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कराएं।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दे सकें।

ईपी रेशियो में सुधार के लिए तेजी से करें कार्य

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बूथों के ईपी रेशियो (निर्वाचक-जनसंख्या अनुपात) की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनका पंजीकरण तेजी से कराया जाए, जिससे अधिकतम पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके और ईपी रेशियो में अपेक्षित सुधार हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करना सभी संबंधित अधिकारियों और बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post