ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2027 को निष्पक्ष, नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा मानकों और परीक्षा के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शासन एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के चयन में विद्यालयों की क्षमता, उपलब्ध कक्षों, फर्नीचर, परीक्षार्थियों की संख्या, आवागमन की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी प्रस्तावित केंद्रों पर पर्याप्त कक्ष, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, वॉयस रिकॉर्डर और अन्य निगरानी उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का निर्धारित मानकों के अनुसार स्थलीय परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने विशेष रूप से छात्राओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परीक्षार्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण इस प्रकार किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े और उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करें।
बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
