सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 का शुभारंभ, 30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यालय सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बलरामपुर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे की हालत में वाहन न चलाना सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के महत्वपूर्ण उपाय हैं। उन्होंने आमजन तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की तत्काल मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय रहते नजदीकी अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से गोल्डन आवर में उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।

30 नवंबर तक चलेंगे जागरूकता एवं जांच अभियान

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण सहित विभिन्न संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इनमें हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग को बढ़ावा देने, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने पर नियंत्रण, स्कूली वाहनों की जांच तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप केला, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बृजेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनसहभागिता के माध्यम से सड़क सुरक्षा पखवाड़े को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर एआरटीओ बृजेश कुमार विभागीय कर्मचारियों के साथ मौजूद रहे।

Previous Post Next Post