टीबी कार्यक्रम की समीक्षा में पांच ब्लॉकों की खराब प्रगति पर सीएमओ सख्त, सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की धीमी प्रगति को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को उनकी अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पांच ब्लॉकों की खराब प्रगति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।

बैठक में टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों और विभिन्न इंडिकेटरों की ब्लॉकवार विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान गैंडास बुजुर्ग, गैसड़ी, तुलसीपुर, महाराजगंज तराई एवं पचपेड़वा ब्लॉकों की उपलब्धि संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।


महाराजगंज तराई के सुपरवाइजर पर कार्रवाई

समीक्षा के दौरान महाराजगंज तराई ब्लॉक का डाटा अत्यंत खराब मिलने पर सीएमओ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने का आदेश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय महत्व के टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही या निर्धारित लक्ष्यों के प्रति उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निक्षय (Ni-kshay) टीम के कार्यों एवं प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अलावा टीबी कार्यक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण इंडिकेटरों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, डाटा की गुणवत्ता बनाए रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं टीबी कार्यक्रम से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post