इंडो-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान, संदिग्धों की सघन चेकिंग

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान और पैदल गश्त की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में 5 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र के अंतर्गत इंडो-नेपाल सीमा से सटे ग्राम सभा सकरा सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने फुट पेट्रोलिंग की।


इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। साथ ही सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव एवं गौ तस्करी, अवैध कटान, अवैध खनन, घुसपैठ तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।

संयुक्त टीम ने सीमावर्ती गांवों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया। उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने आमजन से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। बलरामपुर पुलिस के अनुसार, इंडो-नेपाल सीमा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संयुक्त चेकिंग एवं गश्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Previous Post Next Post