ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में नगर पालिका परिषद बलरामपुर ने एक सराहनीय एवं अनूठी पहल की है। पालिका प्रशासन ने आधुनिक तकनीक और विशेष मशीनों की मदद से पहली बार एक बड़े पेड़ का सफलतापूर्वक स्थानांतरण कर उसे नया जीवन देने का प्रयास किया है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य के नेतृत्व में पालिका कर्मचारियों की टीम ने विशेष मशीनों की सहायता से नगर क्षेत्र में स्थित एक बड़े पेड़ को सावधानीपूर्वक उखड़वाया और उसका गौशाला परिसर में पुनः रोपण कराया।
इस पहल का उद्देश्य नगर में होने वाले विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक हरियाली को भी संरक्षित करना है। अक्सर सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों के दौरान बड़े पेड़ों को काटना पड़ता है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। लेकिन आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऐसे पेड़ों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर उन्हें बचाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य ने बताया कि नगर पालिका परिषद पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर है। नगर में हरियाली बढ़ाने और पेड़ों को संरक्षित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के प्रयास किए जाएंगे।
नगर पालिका की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। जरूरत केवल सोच और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की है। पेड़ों को काटने के बजाय उनका स्थानांतरण कर उन्हें नया जीवन देना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
