ब्यूरो रिपोर्ट शशांक मिश्रा ✍️
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि पति ने शक के चलते अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह उर्फ मोनू पर अपनी पत्नी सोनम की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान सोनम घर में थी। आरोप है कि पति ने उसे कुर्सी से बांधा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सोनम की चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे बचाया नहीं जा सका। करीब डेढ़ घंटे बाद आग बुझने पर घर के अंदर उसका जला हुआ शव मिला।
11 साल पहले किया था प्रेम विवाह
बताया जा रहा है कि सोनम और सुखबीर ने करीब 11 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं। आरोप है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
वारदात के बाद बच्चों को लेकर फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद आरोपी पति दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना ने एक परिवार को उजाड़ दिया। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
