हसनगंज में मतदाता जागरूकता रैली का भव्य आयोजन, SDM शालिनी तोमर और तहसीलदार कीरत सेन ने दिलाई मतदान की शपथ


ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या, उन्नाव ✍️

हसनगंज (उन्नाव)। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को हसनगंज तहसील क्षेत्र में मतदाता जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ उपजिलाधिकारी हसनगंज श्रीमती शालिनी तोमर एवं तहसीलदार श्री कीरत सेन ने हरी झंडी दिखाकर किया।

स्कूली बच्चों और कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, लेखपालों, ग्राम प्रधानों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने "वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है" और "सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो" जैसे नारों से पूरे कस्बे को गुंजायमान कर दिया।

मतदान लोकतंत्र के प्रति सबसे बड़ा कर्तव्य: SDM

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीमती शालिनी तोमर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है। एक-एक वोट देश के भविष्य का निर्माण करता है। इसलिए प्रत्येक मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य चेक करे और मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करे।

18 वर्ष पूरे कर चुके युवा मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम: तहसीलदार

वहीं तहसीलदार श्री कीरत सेन ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवक-युवतियों को अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रलोभन में आए बिना निर्भीक होकर मतदान करें।

अधिकारियों और नागरिकों ने ली निष्पक्ष मतदान की शपथ

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने निष्पक्ष और निर्भीक मतदान की शपथ ली। रैली के सफल आयोजन पर अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post