शशांक मिश्रा की रिपोर्ट, लखनऊ
लखनऊ, 16 अप्रैल 2025। लखनऊ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 41, राम नगर आलमबाग स्थित भूपति सिंह इंटर कॉलेज में बुधवार को एक विशेष आई.ई.सी. एक्टिविटी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को कचरा पृथक्कीकरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का संचालन लायन इनवायरो लखनऊ के आई.ई.सी. हेड प्रवीण कुमार सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को चार श्रेणियों में विभाजित करना आवश्यक है—गीला कूड़ा, सूखा कूड़ा, जैविक कूड़ा और घरेलू हानिकारक कूड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि इस कचरे को ठीक से पृथक करके नगर निगम की अधिकृत गाड़ियों को देना चाहिए, ताकि सही निस्तारण हो सके।
प्रवीण कुमार सिंह ने पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए छात्रों को इसके दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन न केवल पर्यावरण को हानि पहुंचा रही है, बल्कि जल, थल और वायु प्रदूषण का भी एक बड़ा कारण बन चुकी है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हमें स्वस्थ भविष्य के लिए पॉलिथीन का उपयोग तत्काल बंद कर देना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बी.पी. सिंह सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आई.ई.सी. टीम के सदस्य रजत सिंह, शालिनी शुक्ला, शाहबाज, प्रीति यादव और शशि कला ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम को छात्र-छात्राओं ने गंभीरता से सुना और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सहयोग का संकल्प लिया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments