Hot Posts

6/recent/ticker-posts

15 मई को रामलीला मैदान में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का धरना प्रदर्शन, प्रशासन पर गंभीर आरोप

प्रदर्शन में किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को लेकर उठेगी आवाज

ब्यूरो चीफ: योगेंद्र सिंह यादव, शाहजहांपुर

भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि पूर्व में सौंपे गए मांगपत्रों की अनदेखी और किसानों, मजदूरों व गरीबों की लगातार उपेक्षा के चलते संगठन 15 मई 2025 को खिरनीबाग रामलीला मैदान, शाहजहांपुर में बड़ा धरना प्रदर्शन करेगा।

इस आंदोलन के माध्यम से संगठन जिला प्रशासन की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा और कलेक्ट्रेट की ओर मार्च भी किया जाएगा। यूनियन का आरोप है कि जिला प्रशासन अब आम जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है, जिससे किसानों की हालत आत्महत्या तक पहुंच चुकी है। वहीं जनता अपने अधिकारों के लिए तरस रही है।

प्रदर्शन के मुख्य मुद्दे इस प्रकार हैं:

  • तिलहर के भक्सी तिराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं और जनहानि
  • बेसहारा गौवंश की समस्या और प्रशासन की उदासीनता
  • नकली बीज और कीटनाशकों की खुलेआम बिक्री पर कार्रवाई की मांग
  • खराब स्ट्रीट लाइट और टूटी सड़कों की मरम्मत
  • महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार
  • किसानों का बकाया गन्ना भुगतान
  • पुलिस द्वारा किसानों व आम नागरिकों का शोषण

संगठन ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन यदि प्रशासन ने मांगों की अनदेखी की तो इसके गंभीर परिणाम होंगे, जिनकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

इसके साथ ही यूनियन के तीन वर्ष पूर्ण होने पर किसानों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

इस प्रदर्शन की अगुवाई चौ० राजेंद्र सिंह मलिक (चैरमैन/संरक्षक), चौ० दिगंबर सिंह (युवा प्रदेश अध्यक्ष), हरनाम सिंह वर्मा (प्रदेश अध्यक्ष), ठा० राजेश सिंह चौहान (राष्ट्रीय अध्यक्ष) तथा रवि प्रजापति (एडवोकेट, युवा जिला अध्यक्ष) द्वारा की जाएगी।

यूनियन ने मीडिया और जन प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस जनहित के आंदोलन को समर्थन दें और किसानों-मजदूरों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

प्रेस नोट जारीकर्ता:
रवि प्रजापति (एडवोकेट)
युवा जिला अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक), शाहजहांपुर


Post a Comment

0 Comments