स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को ₹424.22 करोड़ की लागत से 24 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 'टीम विश्वकर्मा' मोबाइल एप का भी लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम नगर निगम शाहजहांपुर द्वारा शहीद द्वार पर आयोजित किया गया।
मंत्री ने कहा कि “आज का दिन शाहजहांपुर के लिए गौरव का विषय है क्योंकि एक साथ इतने बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाओं की शुरुआत हो रही है।” उन्होंने इसे जनसहभागिता और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
मंत्री सुरेश खन्ना ने दुकानदारों व व्यापारियों से सार्वजनिक स्थानों पर सामान न रखने की अपील करते हुए यातायात सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश ने अब तक 204 करोड़ से अधिक पौधे रोपित किए हैं, जिससे ग्लोबल वार्मिंग में कमी आई है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश का सर्वोच्च राजस्व अर्जित करने वाला राज्य बताते हुए निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय और गुणवत्ता के भीतर कार्य पूरा किया जाए, वरना दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि दोनों नेता बिना रुके, बिना थके देश और प्रदेश की सेवा में लगे हैं। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए भारत की सशक्त विदेश नीति और रक्षा नीति पर प्रकाश डाला।
मंत्री ने कहा कि “ये योजनाएं किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि आप सबकी शक्ति और समर्थन का परिणाम हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह शाहजहांपुर के चहुंमुखी विकास हेतु सतत प्रयत्नशील हैं।
'टीम विश्वकर्मा' एप के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा कि इसके जरिए सुनार, बढ़ई, लोहार, दर्जी, नाई आदि कारीगरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिससे आम नागरिक घर बैठे सेवा प्राप्त कर सकते हैं। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, महापौर अर्चना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, और कई जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी मौजूद रहे।
प्रमुख परियोजनाएं:
- अमृत 2.0 योजना के तहत ₹185 करोड़ से पेयजल योजना, जिसमें 21 नलकूप, 6 ओवरहेड टैंक, 333 किमी पाइपलाइन व 45,000 घरों में जल कनेक्शन।
- ₹34.90 करोड़ से ककरा कन्वेंशन सेंटर।
- ₹28.31 करोड़ से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिसमें बैडमिंटन, योगा, जूडो आदि।
- ₹27.10 करोड़ से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स (मॉल)।
- ₹22.39 करोड़ से अर्बन हॉट एंड प्लाजा।
- ₹22.20 करोड़ से स्मार्ट रोड निर्माण (एनएच-30)।
- ₹20.37 करोड़ से प्लैनेटोरियम (नक्षत्रशाला)।
- ₹20.18 करोड़ से लोधीपुर में 24x7 जलापूर्ति योजना।
- ₹13.37 करोड़ से शहीद द्वार में मैकेनाइज्ड पार्किंग।
- ₹9.35 करोड़ से हनुमतधाम सौंदर्यीकरण।
- ₹7.56 करोड़ से अजीजगंज से एनएच तक स्मार्ट रोड।
- ₹7.31 करोड़ से रोजा में जोनल कार्यालय।
- ₹7.03 करोड़ से 33 सड़कों का निर्माण और 1 विद्यालय का कायाकल्प।
- ₹4.70 करोड़ से चिनौर में कल्याण मंडप।
- ₹4.62 करोड़ से गांधी भवन सभागार का सौंदर्यीकरण।
- ₹2.34 करोड़ से बाजार क्षेत्रों में स्टील रेलिंग।
- ₹2.06 करोड़ से ककरा में सामुदायिक केंद्र।
- ₹2.05 करोड़ से हरित शवदाह गृह।
- ₹1.98 करोड़ से मियावाकी पार्क और उपवन।
- ₹1.93 करोड़ से सीनियर केयर सेंटर।
- ₹1.65 करोड़ से गौशाला निर्माण (मघईटोला)।
- ₹1.43 करोड़ से अंटा चौराहा से देवी प्रसाद कॉलेज तक सड़क सुधार।
- ₹1.25 करोड़ से मो. भारद्वाजी में दुर्गा मंदिर कॉरिडोर।
- ₹1.25 करोड़ से लोहारों वाला चौराहा पर विकास कार्य।
यह कार्यक्रम शाहजहांपुर के बड़े पैमाने पर शहरी विकास की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न सिर्फ बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि रोजगार और पर्यावरण दोनों को मजबूती मिलेगी।
0 Comments