Hot Posts

6/recent/ticker-posts

एक पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ी को स्वास्थ्य लाभ देने के समान– स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण, रैली, चित्रकला प्रतियोगिता सहित विविध आयोजन

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर। वन सप्ताह एवं "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान के अंतर्गत माय भारत, वन विभाग तथा जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मुमुक्षु आश्रम स्थित स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सहजन व अमरूद के पौधे लगाकर छात्र-छात्राओं को वृक्षारोपण हेतु प्रेरित किया गया। वन विभाग की टीम और माय भारत संस्था के सहयोग से विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर माय भारत द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सत्यम वर्मा, द्वितीय स्थान बासू प्रताप मौर्य तथा तृतीय स्थान मोहम्मद फैज़ ने प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वैभव मिश्रा प्रथम, अमन द्वितीय व अनिकेत तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इसके बाद "पेड़ लगाओ - पेड़ बचाओ" जैसे पर्यावरणीय नारों के साथ छात्रों व स्वयंसेवकों ने वृहद रैली निकाली, जिससे शहर में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश फैला।

वन विभाग के रेंजर शत्रुघ्न प्रसाद ने युवाओं को संबोधित करते हुए वन सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने कहा, "एक पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ी को स्वास्थ्य लाभ देने के समान है, यह युवाओं का दायित्व है कि वे अधिकाधिक वृक्षारोपण कर समाज को जागरूक करें।"

कॉलेज प्राचार्य डॉ. अमीर सिंह ने कहा कि जैसे हम अपनी मां को सम्मान देते हैं, उसी तरह हमें पेड़ लगाकर पर्यावरण को भी सम्मान देना चाहिए। नमामि गंगे परियोजना के जिला अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रकृति को बचाने की जिम्मेदारी युवाओं की है, उन्हें पेड़ों के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व को समझना चाहिए।

युवा सर्व कल्याण समिति के अध्यक्ष व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपक श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष केवल छाया और फल नहीं देते, बल्कि यह मानव अस्तित्व का मूल आधार हैं। शिक्षक अनिल कुमार मालवीय ने वृक्षों को शुद्ध वायु, वर्षा व जैव विविधता का रक्षक बताते हुए वृक्षारोपण को जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

इस आयोजन में लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सोनम सचान, शिक्षक रामनयन वर्मा, मोहम्मद कमर, वन विभाग से डिप्टी रेंजर अजय राणा, वन दरोगा पुष्पेंद्र कुमार, सुशील कुमार, अमिता पटेल, गुफरान, हिमांशु सक्सेना, देवेश कुमार, वर्क एनजीओ सदस्य रेहान और उनकी टीम, माय भारत के स्वयंसेवक तथा विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने में सफल रहा, बल्कि युवाओं के मन में प्रकृति के प्रति ज़िम्मेदारी का भाव भी जाग्रत हुआ।

Post a Comment

0 Comments