संवाददाता: सत्यपाल सिंह, लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित अवध शिल्पग्राम में दिनांक 4 जुलाई से 6 जुलाई 2025 तक आयोजित "आम महोत्सव 2025" का भव्य शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के प्रगतिशील बागवानों एवं उत्कृष्ट उद्यान स्वामियों को सम्मानित किया, जिन्होंने आम की खेती और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम की विभिन्न किस्मों का अवलोकन करते हुए मुस्कराते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश को हम आम की राजधानी बनाएंगे। यह फल हमारी कृषि परंपरा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और राज्य की पहचान का हिस्सा है।”
आम महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, फजली, अम्रपाली, मलिहाबादी आम जैसी सैकड़ों प्रजातियों को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक स्टॉल पर रुककर बारीकी से आमों को देखा, बागवानों से संवाद किया और उनके अनुभव भी साझा किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन में देश में अग्रणी है और सरकार आम के प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, निर्यात और किसानों को तकनीकी सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम के माध्यम से किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लक्ष्य को दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, उद्यान विशेषज्ञ, शोधकर्ता, उद्यमी एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आम से बने व्यंजनों और आम से जुड़े हस्तशिल्पों ने भी मेले में चार चांद लगा दिए।
तीन दिवसीय यह महोत्सव आम प्रेमियों और बागवानी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए न सिर्फ एक उत्सव है, बल्कि कृषि नवाचार और ग्रामीण विकास की दिशा में एक मजबूत पहल भी है।
0 Comments