स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
लखनऊ। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश की प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक 26 जुलाई को रेड क्रॉस भवन, लखनऊ में आयोजित की गई, जिसमें महामहिम राज्यपाल द्वारा नामित प्रशासनिक चुनाव अधिकारी की देखरेख में सभापति एवं कोषाध्यक्ष के पदों का चुनाव सम्पन्न हुआ।
इस चुनाव में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को समिति के सभी सदस्यों की आम सहमति से निर्विरोध सभापति चुना गया, जबकि जौनपुर निवासी अरुण सिंह को कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया।
नव निर्वाचित सभापति ब्रजेश पाठक ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि वे जिला स्तर पर स्वयं भ्रमण कर स्थानीय रेड क्रॉस सोसाइटी की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे तथा संस्था के उद्देश्यों को गति प्रदान करने में हर संभव प्रयास करेंगे।
बैठक में शाहजहांपुर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने उप मुख्यमंत्री को निर्विरोध सभापति चुने जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शाहजहांपुर जनपद में प्रस्तावित रेड क्रॉस रक्तदान भवन के शिलान्यास हेतु औपचारिक प्रस्ताव रखा, जिसे श्रीकर किया गया।
इसके अतिरिक्त डॉ. जौहरी ने तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुझाव प्रस्तुत किए:
- भ्रूण हत्या रोकने हेतु पीसीपीएनडीटी समिति में रेड क्रॉस का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
- राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता के लिए जिला स्वास्थ्य समिति में रेड क्रॉस की भागीदारी हो।
- रेड क्रॉस के फंड का उपयोग संस्था के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किया जाए, न कि सरकारी अनुदान की भांति।
इन बिंदुओं पर सभापति ब्रजेश पाठक ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से विचार-विमर्श कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के पश्चात डॉ. विजय जौहरी ने मिष्ठान वितरण कर सभी को शुभ समाचार की जानकारी दी।
0 Comments