शाहजहाँपुर।
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस एवं जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरुवार, 25 दिसंबर 2025 को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में भव्य “जनपद रत्न” अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने तिलहर में जन्मे राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ आईपीएस शिव मुरारी सहाय को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर “जनपद रत्न” सम्मान से अलंकृत किया। यह सम्मान जनपद की प्रतिष्ठा को देश-विदेश में गौरवान्वित करने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है। वर्ष 1997 से चली आ रही इस परंपरा के तहत वर्ष 2025 का यह 29वां जनपद रत्न अलंकरण समारोह रहा।
सम्मानित आईपीएस शिव मुरारी सहाय ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बी.ए. एवं एम.ए. की शिक्षा प्राप्त की तथा वर्ष 1987 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होकर जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील कैडर में सेवाएं दीं। वर्ष 1993 में कश्मीर पुलिस आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्य सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक, जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक एवं सीआरपीएफ महानिदेशक द्वारा भी प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया गया है।
अपने संबोधन में आईपीएस शिव मुरारी सहाय ने कहा कि उन्हें जीवन में अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं, किंतु अपने जन्म जनपद में मिला यह सम्मान उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और विशेष है। उन्होंने मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा जनपद में कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए जनपद रत्न सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष यह समारोह आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज ईसा मसीह का जन्म दिवस भी है, जिसे पूरे विश्व में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। मंत्री जी ने जनपद में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर मंत्री श्री खन्ना द्वारा भरत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “अटल के बोल अटल का” का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिलाध्यक्ष कैसी मिश्रा, नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार द्विवेदी, चयन समिति के सदस्य केशव चंद्र मिश्र एवं डॉ. सत्य प्रकाश मिश्र, कार्यक्रम संयोजक विनोद अग्रवाल, सहसंयोजक अमितेश अमित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments