स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहांपुर।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत (MYBharat) शाहजहांपुर द्वारा पुवायां क्षेत्र में भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत MYBharat MYVote पदयात्रा, प्रथम बार मतदाता बने युवाओं का सम्मान, मतदाता शपथ, रंगोली, संडे ऑन साइकिल तथा मतदाता जागरूकता संवाद जैसे विविध आयोजन किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने नव युवा मतदाताओं को माय भारत बैज, कैप, टी-शर्ट व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकतम सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम शारीरिक स्वास्थ्य, सामुदायिक सहभागिता और मतदाता जागरूकता को जोड़ते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व में एक सशक्त जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करने का प्रयास है।
विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष के. सी. मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना, मतदाता पंजीकरण को प्रोत्साहित करना तथा निर्वाचन विवरणों में सुधार कराते हुए जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह एक राष्ट्रव्यापी युवा सहभागिता पहल है, जिसका लक्ष्य जागरूक, नैतिक एवं सहभागी निर्वाचन प्रक्रिया को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी राष्ट्र-निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संजय गुप्ता, संघ जिला प्रचारक अभिनव, नगर अध्यक्ष अर्पित गुप्ता, विद्यालय निदेशक राजीव शर्मा, प्रचार्या मधु सिंह, डीपीओ डॉ. विनय सक्सेना, भोर फाउंडेशन से स्वाति सिंह व निशांत सिंह, बाल कल्याण समिति से मुनीश सिंह परिहार, जेंटलमैन बाइसिकल क्लब पुवायां, यूट्यूब चैनल फनडूज़, जिला गंगा समिति सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


