शाहजहांपुर | 26 जनवरी 2026
जनपद शाहजहांपुर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जनपद भर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस बल, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, महापौर अर्चना वर्मा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव द्वारा गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, सुभाष चन्द्र बोस, नगर निगम परिसर में पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह तथा शहीद उद्यान में बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसके लिए प्रदेश एवं जनपद स्तर पर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने जनपद में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं—सड़क, पुल, मंदिर सौंदर्यीकरण, खेल सुविधाओं के विस्तार, कोलाघाट पुल निर्माण, जलालाबाद में धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क परियोजनाओं तथा नक्षत्रशाला हॉकी क्लब में एस्ट्रो टर्फ व फ्लड लाइट स्थापना—की जानकारी दी।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह रिज़र्व पुलिस लाइन में आयोजित किया गया, जहाँ माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री जी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर शांति व सौहार्द का संदेश दिया।
अपने संबोधन में मंत्री जी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित एवं लचीला संविधान है। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के पालन का आह्वान करते हुए शांति, भाईचारे और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने की अपील की।
उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण, एमएसएमई प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन—का उल्लेख किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को 5 दिन का विशेष अवकाश देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों एवं कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक सलोन कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लखनऊ
0 Comments