शाहजहाँपुर।
जनपद में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने बुधवार को थाना कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर में आयोजित परेड की सलामी से हुई, जिसमें पुलिस बल द्वारा अनुशासन एवं तत्परता का प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने की विभिन्न कार्यप्रणालियों एवं व्यवस्थाओं का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें महत्वपूर्ण रजिस्टर, विवेचनात्मक अभिलेख, अपराध नियंत्रण से संबंधित रिकॉर्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल रहे। अभिलेखों के सुव्यवस्थित व अद्यतन रख-रखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त मालखाने में रखी गई केस प्रॉपर्टी, जब्ती माल एवं बरामद वस्तुओं के सुरक्षित संधारण की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान थाने में उपलब्ध शस्त्रों की स्थिति, रख-रखाव एवं अभिलेखों की समीक्षा की गई तथा पुलिस कर्मियों की शस्त्र हैंडलिंग को परखते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीटीएनएस कक्ष की कार्यप्रणाली, डेटा फीडिंग, रिकॉर्ड मैनेजमेंट एवं तकनीकी उपकरणों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया और बेहतर डेटा प्रबंधन एवं त्वरित सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना परिसर, लॉकअप, कार्यालय कक्ष, बैठक कक्ष एवं महिला सहायता डेस्क की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, जनसुनवाई, बीट पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने व्यवहार, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा से आमजन में विश्वास बढ़ाएं और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में निरंतर कार्य करते रहें।
0 Comments