संवाददाता: सुधीर सिंह कुम्भाणी | सीतापुर
जहांगीराबाद (सीतापुर)। क्षेत्र में चर्चित जहरीराबाद/जहांगीराबाद लकड़ी मंडी के पुनः सक्रिय होने को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि प्रतिबंधित प्रजातियों के हरे-भरे पेड़ों की कटान कर मोटर चालित आरों से लकड़ी की आढ़तें फिर से संचालित की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में लकड़ी व्यवसायियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई से कुछ समय के लिए अवैध गतिविधियों पर विराम लगा था, लेकिन अब एक बार फिर कथित रूप से जिलाधिकारी के आदेशों की अवहेलना करते हुए लकड़ी मंडी का संचालन शुरू हो गया है। आरोप है कि रात के अंधेरे से लेकर दिन के उजाले तक लकड़ी का अवैध कारोबार जारी है।
सूत्रों के अनुसार, आयकर चोरी के साथ-साथ प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी की खुलेआम बिक्री की जा रही है, जिससे स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में कथित तौर पर ऐसे आरे चल रहे हैं, जिनके माध्यम से अवैध कटान और लकड़ी प्रसंस्करण किया जा रहा है।
हालांकि, इस पूरे मामले में वन विभाग, आयकर विभाग या स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते जांच की जाए तो अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं।
0 Comments