Breaking News

उत्तर प्रदेश में किया गया निवेश राष्ट्रहित में किया गया निवेश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

लखनऊ | 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने शनिवार देर शाम राज्य स्तरीय उद्योग संगठनों एवं प्रदेश के प्रमुख उद्यमियों के साथ एक विशेष बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में किया गया प्रत्येक निवेश राष्ट्रहित में किया गया निवेश है, जो प्रदेश के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति को गति देता है।

मुख्यमंत्री जी ने उद्योग जगत को प्रदेश की समृद्धि, व्यापक रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रमुख भागीदार बताते हुए कहा कि राज्य सरकार नीति, अधोसंरचना और प्रशासन—तीनों स्तरों पर उद्योगों को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री जी ने उद्योग समूहों से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही एमएसएमई क्षेत्र में नवाचार, पैकेजिंग, डिजाइनिंग एवं निर्यात संवर्धन को लेकर उद्योग जगत से सुझाव भी आमंत्रित किए।

मुख्यमंत्री जी ने ‘उद्योग बंधु’ तंत्र को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

प्रदेश की औद्योगिक प्रगति पर प्रस्तुत किए गए प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि विस्तृत एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, सुदृढ़ एयर कनेक्टिविटी एवं नीतिगत स्थिरता ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर एक लॉजिस्टिक्स एवं निवेश हब के रूप में स्थापित किया है।

निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि, औद्योगिक इकाइयों के विस्तार, क्लस्टर उन्नयन, डिरेगुलेशन सुधारों तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार के माध्यम से उत्तर प्रदेश निवेश और औद्योगिक विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री जी से संवाद के दौरान उद्योग संगठनों एवं उद्यमियों ने डिफेंस कॉरिडोर में भूमि आवंटन, औद्योगिक भूमि को फ्रीहोल्ड किए जाने, अनुपालन प्रक्रियाओं के सरलीकरण एवं औद्योगिक कानूनों के डी-क्रिमिनलाइजेशन जैसे सुधारों का स्वागत किया।

इस अवसर पर एमएसएमई, आईटी, निर्यात संवर्धन, कौशल विकास, प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रदूषण नियंत्रण प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए ‘आवास बंधु’ जैसी व्यवस्था से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने समावेशी औद्योगिक विकास पर विशेष बल देते हुए अनुसूचित जाति एवं जनजाति के युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही बजट 2026-27 के संदर्भ में उद्योग जगत से सुझाव आमंत्रित करते हुए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक प्रभावी बनाए जाने का आह्वान किया।



Post a Comment

0 Comments