शाहजहांपुर | 31 जनवरी
उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना जी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अधिवक्ता भवन के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। इसके उपरांत मंत्री जी ने सेंट्रल बार एसोसिएशन के राजीव सभागार में अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें संबोधित किया।
अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री खन्ना ने कहा कि नए कोर्ट भवनों के निर्माण की स्वीकृति शासन से प्राप्त हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से प्रदेश में सर्वांगीण विकास हुआ है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे प्रदेश में निवेश का वातावरण मजबूत हुआ है। प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है तथा रोजगार एवं उद्योगों को व्यापक प्रोत्साहन मिला है।
वित्त मंत्री ने कहा कि एक्सप्रेस-वे एवं एयरपोर्ट के निर्माण से प्रदेश की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे विकास की गति और तेज हुई है। बेहतर कानून व्यवस्था के चलते अब विदेशी निवेशक भी उत्तर प्रदेश में अपने उद्योग स्थापित कर रहे हैं।
इस दौरान सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से मांग रखी गई कि लेबर कोर्ट को निगोही रोड से स्थानांतरित कर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किया जाए, जिससे अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को सुविधा मिल सके। इस पर माननीय मंत्री जी ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अजय वर्मा ने माननीय वित्त मंत्री का स्वागत किया, जबकि महासचिव श्री अवधेश तोमर ने आभार व्यक्त किया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments