शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा बुधवार को थाना सिंधौली का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा थाना परिसर में नव-निर्मित वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
थाना परिसर पहुंचने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसपी का स्वागत किया, जिसके उपरांत गार्द द्वारा सलामी दी गई। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मुहर्रिर कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, विभिन्न अपराध रजिस्टर, लंबित विवेचनाओं की स्थिति, बीट पुस्तिकाएं, शस्त्रागार, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, बाल शिशु केन्द्र, बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
एसपी ने अपराध पंजीकरण, विवेचना की गुणवत्ता, आरोप पत्र प्रेषण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा वारंट-समन तामील की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों को निष्पक्ष, समयबद्ध एवं साक्ष्य-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी, बीट पुलिसिंग सुदृढ़ करने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आमजन से संवाद एवं जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया गया।
महिला शक्ति केन्द्र, बाल शिशु केन्द्र, शस्त्रागार, मालखाना और हवालात की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। इसी अवसर पर पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से थाना परिसर में बने वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट का फीता काटकर शुभारम्भ किया गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने स्वयं खेल गतिविधियों में भाग लेकर जवानों को नियमित व्यायाम व खेलकूद के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी सिंधौली सहित समस्त पुलिस बल को अनुशासन, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहना की तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सिंधौली, उपनिरीक्षकगण, मुख्य आरक्षी/आरक्षी तथा अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
शाहजहॉपुर
0 Comments