Breaking News

आठ लाख उधार लेकर सट्टे में हारे, पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला महाजनान (रामनगर) निवासी एक युवक ने चार लोगों पर छलपूर्वक आठ लाख रुपये हड़पने तथा रकम वापस मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा है।

पीड़ित के अनुसार उसके पिता ने ‘सुमन बर्तन भंडार’ नाम से बर्तन की दुकान खुलवाई थी, जिससे वह परिवार का भरण-पोषण करता है। दुकान संचालन के दौरान उसकी पहचान प्रतीक कुमार गुप्ता, सिद्धांत सिंह, सचिन गुप्ता और अभिषेक भारद्वाज से हुई। आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व चारों ने अधिक लाभ का लालच देकर निवेश का दबाव बनाया और एक माह में दोगुना रकम लौटाने का भरोसा देकर पांच लाख रुपये उधार ले लिए।

पीड़ित का कहना है कि बाद में व्यापार में नुकसान का हवाला देकर तीन लाख रुपये और ले लिए गए तथा दो माह में पूरी राशि दोगुनी लौटाने का आश्वासन दिया गया। तीन माह बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई और टालमटोल की जाती रही। आरोप है कि उधार ली गई रकम सट्टेबाजी में गंवा दी गई।

पीड़ित के मुताबिक 20 फरवरी 2026 की शाम दोबारा पैसे मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे अभय और तरुण रस्तोगी के हस्तक्षेप पर आरोपी कथित रूप से जान से मारने और लाश गायब कर देने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के कई प्रत्यक्षदर्शी होने का भी दावा किया गया है।

पीड़ित ने बताया कि उसने शाहजहाँपुर पुलिस के थाना जलालाबाद में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उसने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments