Breaking News

आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का संगम: मुमुक्षु महोत्सव का भव्य शुभारंभ

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। मुमुक्षु महोत्सव का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के मध्य हुआ। प्रातः 10 बजे मुमुक्षु आश्रम में स्थित यज्ञशाला में मंडप प्रवेश एवं वेदी पूजन के साथ रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। अरणी मंथन द्वारा अग्निकुंड में अग्नि प्रवेश कराई गई और वैदिक मंत्रोच्चार ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर 16 ब्राह्मणों सहित मुख्य यजमान डॉ. आदेश पांडेय उपस्थित रहे। यज्ञाचार्य के रूप में जयंत पाठक, ऋषभदेव त्रिपाठी, आचार्य प्रवीण, रामगोपाल जी, विनय पाराशर, दिलीप त्रिवेदी, ललित शुक्ला और संजय पाठक आदि ने विधिपूर्वक यज्ञ संपन्न कराया। प्रातः 11 बजे कथा मंडप के समीप श्री हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ हुआ।

संतों की उपस्थिति से बढ़ी शोभा

भव्य महोत्सव में भारत के विभिन्न स्थानों से आए पूज्य संतों ने कार्यक्रम की शोभा कई गुना बढ़ाई। अमरकंटक से महामंडलेश्वर श्री हरिहरानंद जी महाराज, कनखल (हरिद्वार) से स्वामी अभेदानंद सरस्वती जी महाराज, गढ़मुक्तेश्वर से स्वामी सर्वेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज और ऋषिकेश से स्वामी गंगेश्वरानंद जी महाराज उपस्थित रहे और भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया।

रामनाम की गूंज से गुंजायमान हुई नगरी

श्री राम कथा से पूर्व नगर में श्रद्धा और भक्ति के साथ रामकथा संदेशवाहन मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा खिरनी बाग मैदान से शुरू होकर सदर, बहादुरगंज, घंटाघर, चौक और चारखंभा मार्ग होते हुए मुमुक्षु आश्रम पहुंची। यात्रा में मुमुक्षु शिक्षा संकुल के अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्रा और एसएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आर. के. आजाद सहित ददरौल विधायक अरविंद सिंह और अन्य यात्रियों ने बाइक पर सवार होकर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

यात्रा में युवा और शिक्षक हाथों में भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए और केसरिया पताकाएं धर्मध्वजा के रूप में लहराती रहीं। डीजे वाहन से प्रसारित गीत “राम जी की सेना चली” के साथ वातावरण में भक्ति रस का संचार हुआ। रामकथा यात्रा में डा. आलोक कुमार सिंह, डा. प्रांजल शाही, डा. प्रमोद यादव, डा. कमलेश गौतम, डॉ. जयशंकर ओझा, डॉ. पवन गुप्ता, दुर्ग विजय, मृदुल पटेल, अमित कुमार, डा. गौरव सक्सेना, डा. रुपक श्रीवास्तव, नीलू कुमार, अखिलेश कुमार, राजनंदन सिंह राजपूत, डा. अजय वर्मा, डा. बृज निवास, राम औतार सिंह और अभिजीत मिश्रा का विशेष सहयोग रहा।

कलश-यात्रा से पावन हुई मुमुक्षु धरा

रामकथा के शुभारंभ के अवसर पर 51 महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर कलश यात्रा निकाली। यात्रा का नेतृत्व डा. कविता भटनागर ने किया और श्रद्धालुओं ने श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ से कथा-पंडाल तक मार्ग में रामनाम का जप और पुष्पवर्षा कर उत्सव को भव्य बनाया। प्रमुख अतिथि स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, सचिव प्रो. अवनीश मिश्रा, प्राचार्य प्रो. आर. के. आजाद आदि ने भी कलश यात्रा का स्वागत किया।

कलश यात्रा के समापन पर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ संत विजय कौशल जी द्वारा श्री रामकथा का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में डा. बरखा सक्सेना, डॉ. दीप्ति गंगवार, डॉ. विनीता राठौर, डॉ. अन्जू लता अग्निहोत्री, डॉ. पूजा बाजपेई, डॉ. शिवांगी शुक्ला, सीतू शुक्ला, रश्मि राठौर, ममता सिंह और काजल सहित विभिन्न विद्यालयों की शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

इस महोत्सव ने न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया बल्कि युवा चेतना और सांस्कृतिक जागरूकता का भी अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

Post a Comment

0 Comments