शाहजहांपुर | 20 फरवरी 2026
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही खराब श्रेणी में आने वाले विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए योजनाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सुपुर्दगी में दिए गए गोवंशों की जानकारी पंचायत घरों में वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित की जाए तथा शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर भी अंकित कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जनपद में चल रही विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए पाया गया कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पर्यटन, प्राथमिक शिक्षा, लोक निर्माण, व्यावसायिक शिक्षा और समाज कल्याण विभाग सहित कुल 32 परियोजनाएं विलंबित हैं। इस पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं तथा योजनाओं की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, परियोजना निदेशक अवधेश राम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments