संजय सेतु बंद होने की अफवाह पर प्रशासन ने दी सफाई

 

ब्यूरो रिपोर्ट: शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️

बहराइच। बहराइच से लखनऊ जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित संजय सेतु (घाघरा घाट) को बंद किए जाने की फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जब तक वैकल्पिक पोंटून (PP) पुल पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक संजय सेतु बंद नहीं किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, पोंटून पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस अस्थायी पुल पर दोपहिया और चारपहिया हल्के वाहन चल सकेंगे, जबकि बस और भारी वाहनों (ट्रक आदि) के आवागमन की अनुमति नहीं होगी।

संजय सेतु के मरम्मत कार्य को 15 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मरम्मत पूर्ण होने के बाद पोंटून पुल हटा दिया जाएगा और सेतु पर सामान्य आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।

प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।



Previous Post Next Post