Breaking News

प्रदेश सरकार की एमएसएमई नीति से युवाओं को मिल रहा रोजगार, बढ़ रहा स्वरोजगार का दायरा


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर | 03 फरवरी, 2026

प्रदेश सरकार की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) नीति युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है। सरकार शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में एमएसएमई इकाइयों की स्थापना से लाखों युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत विशेष रूप से विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग एवं डिग्री कॉलेजों से उत्तीर्ण अंतिम वर्ष के छात्रों को इनोवेटिव बिजनेस मॉडल से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में 30 जुलाई से 01 अगस्त 2025 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में सीएम युवा कॉनक्लेव एंड एक्सपो का आयोजन किया गया, जिसमें 150 से अधिक इनोवेटिव बिजनेस, फ्रेंचाइजी ब्रांड्स एवं बिजनेस ऑन व्हील्स के प्रवर्तकों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।

इस कॉनक्लेव के द्वितीय चरण में 25 से 29 सितम्बर 2025 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) के दौरान मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ एवं आगरा मंडल के युवाओं को लाभान्वित किया गया।

प्रदेश सरकार द्वारा उद्यम स्थापना के लिए अनुकूल एवं प्रोत्साहनात्मक वातावरण तैयार किया गया है। एमएसएमई अधिनियम-2020 के तहत नई इकाइयों को 1000 दिनों तक निरीक्षण से छूट दी गई है। वहीं निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से लाइसेंस, अनापत्ति एवं अनुमतियों की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। इन प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश में अब तक लगभग 45.54 लाख उद्यम पंजीकृत हो चुके हैं।

27 जून 2025, अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा सीएम युवा मोबाइल ऐप एवं यूथ अड्डा का लोकार्पण किया गया, साथ ही बरेली एवं मुरादाबाद में 18 करोड़ रुपये की ओडीओपी सीएफसी परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट एवं ऋण का वितरण भी किया गया।

प्रदेश में निवेश एवं निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 में 70 से अधिक देशों के खरीदारों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, यूपी नेशनल ट्रेड शो–2025 (स्वदेशी मेला) एवं भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला, नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांस्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत ई-पोर्टल की लॉन्चिंग के साथ ही युवा उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। ओडीओपी योजना के तहत कारीगरों, बुनकरों और शिल्पकारों को ई-मार्केटप्लेस से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंच प्रदान की जा रही है।

निर्यात को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न उत्पाद सेक्टरों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 29 निर्यातकों को राज्य निर्यात पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रदेश सरकार के इन निरंतर प्रयासों से उत्तर प्रदेश उद्यमिता, रोजगार और निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।



Post a Comment

0 Comments