Breaking News

ताल, सुर और संवेदना का संगम: साईं शिक्षायतन में तीन दिवसीय संगीत कार्यशाला संपन्न


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर। शहर के साईं शिक्षायतन विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय संगीत कार्यशाला का समापन भावपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यशाला के दौरान बच्चों ने सुरों से दोस्ती की, ताल से संवाद किया और संगीत के माध्यम से अपने भीतर छिपी संवेदनाओं को स्वर दिया। बच्चों को संगीत का प्रशिक्षण एस.एस. कॉलेज की संगीत विभागाध्यक्ष डा. कविता भटनागर ने प्रदान किया।

समापन समारोह का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक नीता श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डा. कविता भटनागर ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम का अंत नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला सिर्फ गायन-वादन तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और अनुशासन को भी विकसित करने का माध्यम बनी। उन्होंने कहा, “संगीत केवल कला नहीं, साधना है और यह आत्मा की अभिव्यक्ति भी है।”


विद्यालय की निदेशक नीता श्रीवास्तव ने कहा कि कम समय में बच्चों ने संगीत की बारीकियों के साथ-साथ प्रेम, धैर्य और साधना का महत्व भी सीखा। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अभ्यास करते रहने की अपील की। इस अवसर पर डा. कविता भटनागर ने बच्चों को संगीत विषय पर अपनी स्वलिखित पुस्तक भेंट की, वहीं विद्यालय की ओर से उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य रचना बुद्धवार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments