ब्यूरो रिपोर्ट: दर्शन गुप्ता, लखनऊ ✍️
लखनऊ: राजधानी में चाइनीज़ मांझे से हुई हालिया मौत की घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। डीसीपी पश्चिम के नेतृत्व में लखनऊ के पश्चिमी जोन में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा बेचने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। विशेष रूप से बाजारखाला थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया गया, जहां प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और भंडारण को लेकर दुकानों की जांच की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि चाइनीज़ मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसकी बिक्री, खरीद या भंडारण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। पश्चिमी जोन के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर अवैध मांझे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार सामने आ रही हादसों की घटनाओं को देखते हुए पुलिस की यह कार्रवाई जनसुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे प्रतिबंधित मांझे का उपयोग न करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
0 Comments