स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, दिनांक 22 मार्च 2026
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के क्रम में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 104 फील्ड ट्रेनरों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से प्रथम चरण में 80 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण दो बैचों (प्रत्येक में 40 प्रतिभागी) में 19, 20 एवं 21 मार्च को आयोजित किया गया, जबकि शेष 24 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण 23, 24 एवं 25 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के तीसरे एवं अंतिम दिन जिलाधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की गरिमामयी उपस्थिति में प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया गया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में एनुमरेटर एवं सुपरवाइजर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित कार्मिक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमण कर कार्य का सूक्ष्म निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र एक स्वतंत्र चार्ज के रूप में कार्य करेगा।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि यदि फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण को गंभीरता से नहीं लेंगे तो आगे एनुमरेटरों के प्रशिक्षण में त्रुटियां आ सकती हैं, जिससे संपूर्ण कार्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को पूरी निष्ठा एवं ध्यानपूर्वक ग्रहण करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी, इसलिए तकनीकी जानकारी का होना अत्यंत आवश्यक है। प्रतिभागियों को यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रशिक्षण से संबंधित वीडियो एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध है, जिसका उपयोग कर वे अपनी जानकारी को और सुदृढ़ कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड ट्रेनरों का एक साझा समूह बनाया जाए, जिसमें कार्य से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा सके। साथ ही, उन्हें दो-दो के समूह में कार्य करने तथा अपने अनुकूल तहसील क्षेत्र का चयन करने की अनुमति प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि एनुमरेटरों का प्रशिक्षण 1 से 15 अप्रैल के मध्य पूर्ण कराया जाएगा तथा 15 से 30 अप्रैल तक अभ्यास एवं कार्य की समझ को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने प्रारंभिक चरण में कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करने पर बल देते हुए कहा कि इससे आगे आने वाली समस्याओं के समाधान में सुविधा होगी।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी फील्ड ट्रेनरों को शुभकामनाएं प्रदान की गईं तथा उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
0 Comments