स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
विश्व जल दिवस और गंगा स्वच्छता पखवाड़े के अवसर पर विकास खंड पुवायां के पन्ना घाट पर जिला गंगा समिति एवं लोक भारती के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण तथा गोमती आरती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, लोक भारती कार्यकर्ताओं, गंगा स्वयंसेवकों एवं पुजारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
लोक भारती के संयोजक आलोक मिश्रा के नेतृत्व में घाट पर व्यापक स्तर पर श्रमदान किया गया। नदी किनारे फैले कचरे को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्रित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाई गई।
श्रमदान के पश्चात वन विभाग के सहयोग से क्षेत्रीय वन अधिकारी वीरेश राव के निर्देशन में वन दरोगा डोरी लाल यादव एवं उनकी टीम द्वारा कटहल, जामुन, महुआ, आम और अर्जुन जैसे विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर लोक भारती के नदी-जल प्रमुख संजय त्रिपाठी एवं स्वामी रूद्र देवानंद के नेतृत्व में मां गोमती की भव्य आरती संपन्न हुई। “गोमती मां की जय” और “गंगा मां की जय” के जयघोष से पूरा घाट गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में लक्ष्मीकांत, कृष्णकांत, अधीर त्रिवेदी, अजय त्रिपाठी, अंबिका प्रसाद, राम लडैते शर्मा, रविकांत त्रिवेदी, श्रीकृष्ण, मोनू, आशीष मिश्रा, हिमांशु सक्सेना, अनुज, देवेश, राममुरारी एवं सुआलाल सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
0 Comments