Breaking News

लाट साहब जुलूस को लेकर रिजर्व पुलिस लाइन में डी-ब्रीफिंग, सुरक्षा व्यवस्था के दिए गए दिशा-निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

जनपद शाहजहाँपुर में आगामी ‘लाट साहब’ जुलूस के सकुशल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत 03 मार्च 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में डी-ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), समस्त क्षेत्राधिकारीगण, गैर जनपदों से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल, जोनल एवं सेक्टर प्रभारी, ड्यूटी प्वाइंट प्रभारी अधिकारीगण, आरआरएफ/पीएसी/एसटीआरएफ के कंपनी एवं प्लाटून कमांडर तथा जनपद के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और हल्का प्रभारी उपस्थित रहे।

डी-ब्रीफिंग के दौरान जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों, भीड़-प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, ड्रोन एवं सीसीटीवी निगरानी, अफवाहों पर नियंत्रण तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। सभी जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस बल को समय से पूर्व ब्रीफ कर दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या अवांछित गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। यातायात डायवर्जन योजना के कड़ाई से अनुपालन, आपातकालीन सेवाओं के मार्ग को निर्बाध रखने तथा संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, संयम, समन्वय एवं सतर्कता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

जनपद पुलिस द्वारा ‘लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments