स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष भाजपा श्रीमती शिल्पी गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कपिल, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे। वैज्ञानिकों में डॉ. नूतन वर्मा (केवीके नियामतपुर), डॉ. संजीव पाठक तथा अन्य विशेषज्ञों ने भी सहभागिता की।
मुख्य अतिथि शिल्पी गुप्ता ने किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि मोटे अनाज (मिलेट्स) का उत्पादन और उपयोग बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और किसानों को इसकी खेती अपनानी चाहिए।
उप कृषि निदेशक ने किसानों को संबोधित करते हुए मिलेट्स की गुणवत्ता और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसानों को विभाग द्वारा बीज उपलब्ध कराया जाएगा और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग में पंजीकरण कराना आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित वैज्ञानिकों ने किसानों को मिलेट्स की खेती, प्राकृतिक (गौ-आधारित) खेती, गन्ने की फसल प्रबंधन, रोग नियंत्रण एवं उन्नत कृषि तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों को आधुनिक और टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों—जी.एफ. कॉलेज, आर्य महिला डिग्री कॉलेज, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज एवं आर्य महिला इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया। होटल एवं रेस्टोरेंट श्रेणी में होटल सत्यम इम्पीरिया द्वारा सावां और रागी से बने विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिलेट्स उत्पादों की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निर्णायक मंडल द्वारा प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
अंत में उप कृषि निदेशक द्वारा सभी अतिथियों, किसानों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
0 Comments