स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
जनपद शाहजहाँपुर में आगामी होली पर्व के अवसर पर आयोजित पारंपरिक ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस के दृष्टिगत 03 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा रूट भ्रमण एवं ड्यूटी चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) बरेली, क्षेत्राधिकारी सदर एवं रामचन्द्र मिशन थाना पुलिस बल, गैर जनपद से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान जुलूस मार्ग का बिंदुवार निरीक्षण करते हुए बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती तथा सेक्टर एवं जोन व्यवस्था की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन किया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। आमजन के साथ संयमित, शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक स्थानों पर डायवर्जन लागू करने, आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन हेतु मार्ग अवरोध मुक्त रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
जनपद पुलिस द्वारा ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। आमजन से अपील की गई है कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।
0 Comments