स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
जनपद शाहजहाँपुर में आगामी होली पर्व के अवसर पर आयोजित पारंपरिक ‘बड़े लाट साहब’ जुलूस के दृष्टिगत 03 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा संयुक्त रूट का स्थलीय भ्रमण एवं ड्यूटी चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
भ्रमण के दौरान होली कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया गया। प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं संवेदनशील स्थलों का बिंदुवार अवलोकन करते हुए बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण योजना, यातायात डायवर्जन, पार्किंग स्थलों की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन तथा सेक्टर एवं जोन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम, कोतवाली थाना एवं सदर बाजार थाना पुलिस बल सहित गैर जनपदों से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, सेक्टर प्रभारी एवं जोनल अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर निगरानी बनाए रखें तथा यातायात डायवर्जन योजना का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए, जिससे आमजन को असुविधा न हो। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही होली कमेटी एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस सम्पन्न कराने पर बल दिया गया। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जनपद पुलिस द्वारा ‘बड़े लाट साहब’ जुलूस को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने हेतु समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आमजन से अपील की गई है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर दें।
0 Comments