स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, 22 मार्च 2026।
शहीद दिवस की 95वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर जिला कारागार शाहजहांपुर में एक भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री अरविंद कुमार अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने काकोरी कांड के अमर क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग और बलिदान सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में राष्ट्रप्रेम और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं तथा बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
नाटक के माध्यम से काकोरी कांड के क्रांतिकारियों के साहस, बलिदान और देशभक्ति को अत्यंत जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय, प्रभावी संवाद और सशक्त प्रस्तुति ने बंदियों एवं अधिकारियों को गहराई से प्रभावित किया। कई बंदी कार्यक्रम के दौरान भावुक नजर आए और उनके भीतर देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस नाटक का मंचन जनपद के प्रसिद्ध कलाकार शिवा सक्सेना एवं उनकी टीम ‘मंथन आर्ट्स’ द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने निर्देशन की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बंदियों को जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में मंथन आर्ट्स की टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। इस अवसर पर कारागार के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम बंदियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जो अत्यंत सफल एवं सराहनीय रहा।
0 Comments