स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
जनपद शाहजहाँपुर में आगामी होली पर्व एवं परंपरागत ‘लाट साहब’ जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से 02 मार्च 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक द्वारा विस्तृत समन्वय एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम (ई), एडीएम (एफआर), अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), क्षेत्राधिकारी नगर सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गैर जनपदों से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल उपस्थित रहा।
ब्रीफिंग के दौरान जुलूस मार्ग की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सेक्टर एवं जोन निर्धारण, पिकेट ड्यूटी, मोबाइल पार्टी, क्यूआरटी तैनाती तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबंधों पर चर्चा की गई। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मजिस्ट्रेट नियुक्ति, ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा खुफिया तंत्र की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था के अंतर्गत वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, डायवर्जन प्लान, बैरिकेडिंग, भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण तथा एम्बुलेंस व अग्निशमन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं संयम बनाए रखने के निर्देश दिए। आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार, अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, महिला सुरक्षा प्रबंध तथा भीड़ नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। गैर जनपदों से आए पुलिस बल को उनके ड्यूटी प्वाइंट एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली पर्व एवं ‘लाट साहब’ जुलूस को शांति, सौहार्द और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments