ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा
लखनऊ, 06 अप्रैल 2026।
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर क्षेत्र के दक्षिण-2 (मुराइन खेड़ा, बंगला बाजार) स्थित मंडल कार्यालय में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की उपस्थिति में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके बाद संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पार्टी की 47 वर्षों की यात्रा न केवल राजनीतिक उपलब्धियों की कहानी है, बल्कि यह एक ऐसी वैचारिक धारा है जिसने देश की दिशा और दशा दोनों को बदलने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा, “राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं होती, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का संकल्प होती है।”
डॉ. सिंह ने भाजपा के ऐतिहासिक योगदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 एवं 35(ए) का हटाया जाना, तीन तलाक कानून, तथा सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसे निर्णायक फैसलों ने देश को मजबूत बनाया है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी के माध्यम से ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की अवधारणा को लागू किया गया, जबकि यूपीआई के जरिए डिजिटल क्रांति को बढ़ावा मिला। बढ़ते विदेशी निवेश के चलते भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थिति में पहुंचा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, आधुनिक एक्सप्रेसवे और नए हवाई अड्डों का निर्माण देश की प्रगति को नई गति दे रहा है।
गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन को अंत्योदय की भावना का सशक्त उदाहरण बताया, जो अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए उन्होंने जी-20 की सफल अध्यक्षता, ‘वैक्सीन मैत्री’, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज के रूप में भारत की भूमिका को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और वैश्विक नेतृत्व के लिए तैयार है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं का उत्साह संगठन की मजबूती और सेवा भाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यही ऊर्जा भारतीय जनता पार्टी को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाती है।
इस अवसर पर विनोद मौर्य (मंडल अध्यक्ष), उमेश तिवारी, गंगा राम अम्बेडकर, रमाशंकर त्रिपाठी, श्याम जी, कर्नल दया शंकर दुबे, सत्यम शुक्ला, के.एन. सिंह (पार्षद), कमलेश सिंह (पार्षद), हिमांशु अम्बेडकर (पार्षद), शिव प्रकाश मिश्रा, नेहा सिंह (पार्षद), अतुल टंडन, मनीष शुक्ला एवं नागेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से ‘राष्ट्र प्रथम, सेवा सर्वोपरि’ के मंत्र को अपनाने का आह्वान करते हुए देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments