ब्यूरो रिपोर्ट – तशरीफ़ अली
दिनांक: 04 अप्रैल 2026
मेरठ। शनिवार 04 अप्रैल 2026 को मेरठ पुलिस लाइन स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बालिकाओं खुशबू, परिधि, मानवी एवं लक्ष्मी को टीका लगाकर की गई।
इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की उन बालिकाओं को टीकाकरण किया जा रहा है, जिनकी आयु आधार कार्ड के अनुसार 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है तथा वे 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी हैं। टीकाकरण के उपरांत सभी लाभार्थियों को एचपीवी वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों में टीकाकरण को लेकर विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अंकुर त्यागी ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष की बालिकाओं का अधिक से अधिक एचपीवी टीकाकरण कराएं, जिससे उन्हें गर्भाशय (सर्वाइकल) ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं अत्यंत प्रभावी है।
स्वास्थ्य केंद्र पर यह टीकाकरण प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारी, अल्ताफ अली, कार्यक्रम अधिकारी सलीम अहमद एवं टीकाकरण टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
0 Comments