Breaking News

काकोरी में शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में लगी आग, किसान की मेहनत राख

ब्यूरो रिपोर्ट शौकत गाज़ी, लखनऊ ✍️

लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत दसदोई के मजरा पठान खेड़ा गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक गेहूं के खेत में आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 10 बिस्वा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के खंभे से अचानक चिंगारी गिरने के कारण आग लगी। सूखी फसल होने के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि यह खेत गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र मैहिलाल का है। पीड़ित किसान ने बताया कि उसकी साल भर की मेहनत कुछ ही पलों में जलकर खाक हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में बिजली लाइनों की समय-समय पर जांच कर इस तरह की घटनाओं को रोका जाए।

Post a Comment

0 Comments