Breaking News

अंबेडकर जयंती एवं प्रस्तावित जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, रूट का किया गया स्थलीय निरीक्षण


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 06 अप्रैल। आगामी डॉ० भीमराव अंबेडकर जयंती एवं प्रस्तावित जुलूस के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्रान्तर्गत जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जुलूस के निर्धारित मार्गों का विस्तृत भ्रमण कर संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित किया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा चौराहों और बाजारों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का भी अवलोकन किया गया तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं पुलिस पिकेट स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन पैदल गश्त की गई। गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्क एवं सजग रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही इन तैयारियों से स्पष्ट है कि जनपद में त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments