Breaking News

बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में लूट, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश—दोनों गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट शौकत गाज़ी लखनऊ ✍️

अयोध्या। अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाली युवती और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती पायल (25) और उसका साथी राहुल (27) ने मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। घटना के समय पायल बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में पहुंची और खिलौना पिस्टल दिखाकर करीब 3.6 लाख रुपये का सोने का हार और चेन लूट ली। वारदात के दौरान राहुल दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था, जहां पायल लूट के बाद पहुंची और दोनों मौके से फरार हो गए।

यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के कोठी बाजार की बताई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को बाइक का नंबर मिला, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राहुल ने पहले ही नकली पिस्टल और बुर्का खरीद लिया था, ताकि पहचान छिपाकर वारदात को अंजाम दिया जा सके।

प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी अयोध्या से बाहर भागने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments