Breaking News

बुद्ध पूर्णिमा पर छठ घाट पर हुई गंगा आरती, भक्तिमय माहौल में गूंजे मंत्र


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत जनपद में खन्नौत नदी स्थित छठ घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दीपदान किया और मां गंगा की आराधना की।

जिला गंगा समिति के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम से पूरा वातावरण मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से गूंज उठा। सुबह नगर निगम द्वारा छठ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि सायंकाल गोष्ठी और आरती का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामकुमार (नगर कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) एवं जिला गंगा समिति सदस्य राकेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां गंगा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति को बचाने का संदेश दिया।


जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि अब प्रत्येक माह पूर्णिमा के दिन गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उपस्थित लोगों को गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में समाजसेविका सावित्री शर्मा को सम्मानित किया गया। अंत में श्रद्धालुओं ने दीपदान कर आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments