स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 18 जून 2026। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने जनपद के समस्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं संबंधित खंड विकास अधिकारियों को 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों के नाम भेजे गए संदेश को प्रत्येक निर्वाचित ग्राम प्रधान एवं प्रशासक तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित फोटोग्राफ एवं गतिविधियों की रिपोर्ट विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विकासखंड के अंतर्गत सभी ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों को प्रधानमंत्री का संदेश उपलब्ध कराकर उसकी प्राप्ति रसीद कार्यालय को उपलब्ध कराएं तथा योग दिवस कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करें।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि 21 जून 2026 को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह, उल्लास एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ गांव ही सशक्त, समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। जब प्रत्येक परिवार योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा, तब समाज अधिक स्वस्थ, ऊर्जावान और खुशहाल बनेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है, जो जीवन के प्रत्येक चरण में योग की उपयोगिता एवं गरिमामय जीवन के लिए उसकी महत्ता को रेखांकित करती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक क्षमता, रोग प्रतिरोधक शक्ति और मानसिक संतुलन में वृद्धि होती है। योग व्यक्ति को स्वयं से, परिवार को समाज से और समाज को मानवता से जोड़ने का कार्य करता है।
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे आंगनबाड़ी केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पंचायत भवनों, विद्यालयों एवं अन्य सामुदायिक स्थलों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को योग अपनाने के लिए प्रेरित करें।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से “स्वस्थ आयु के लिए योग” का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा और देश स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेगा।
उन्होंने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments